20 राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट, हो सकती है भारी बारिश, जानिए मौसम का पूर्वानुमान

धीरे धीरे पूरे देश में मानसून सक्रिय हो रहा है। मुंबई तथा गुजरात में मानसून की तेज बारिश की शुरुआत हो गई है वहीं मध्य और उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटे में देश भर के 20 से अधिक राज्यों में भारी बारिश हो सकती है और खासकर के बिहार और झारखंड में आकाशीय बिजली गिर सकती है।

अगले 24 घंटों में मुंबई समेत कोंकण और गोवा में मूसलाधार बारिश जारी रह सकती है। अगर बात करें, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान कि तो वहां मौसम शुष्क ही बना रहेगा।

वर्तमान में मानसून की अक्षीय रेखा बीकानेर, अजमेर, गुना, सतना, डाल्टनगंज और मालदा से गुज़र रही है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है। इस सिस्टम से पूर्वी मध्य प्रदेश होते हुए विदर्भ तक एक ट्रफ बना हुआ है।

अगले 24 घंटों में मुंबई समेत कोंकण और गोवा में मूसलाधार वर्षा हो सकती है। इसके अलावा तटीय कर्नाटक, केरल, अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, असम, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, बिहार के उत्तरी भागों, दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

स्रोत: कृषि जागरण

Share

See all tips >>