मिर्च बीज की प्रमुख समृद्ध किस्में एवं उनकी खूबियों की जानकारी

मिर्च वैसे तो खाने में बहुत तीखी होती है पर जब खेतों में इसकी जबरदस्त उपज आती है और जेब मुनाफे से भर जाते हैं तब यह जबरदस्त मिठास का अनुभव देती है। आप भी मिर्च की खेती से इस मिठास के अनुभव के लिए इसके उन्नत किस्म के बीजों का चुनाव कर सकते है। आइये आज के लेख में जानते हैं मिर्च बीज के उन्नत किस्मों की जानकारी विस्तार से।

एडवांटा  AK-47: इस किस्म का पौधा आधा सीधा  होता है वहीं इसकी पहली फल परिपक्वता 60-65 दिनों में हो जाती है। फल का रंग गहरा लाल एवं गहरा हरा होता है वहीं फल की लम्बाई 6-8 सेंटीमीटर एवं मोटाई 1.1 – 1.2 सेंटीमीटर होती है। इस किस्म में तीखापन बहुत अधिक होता है। इस किस्म के फल को हरा एवं सुखाकर दोनों प्रकार से बेचा जा सकता है। यह किस्म लीफ कर्ल वायरस  के प्रति सहनशील किस्म है। 

BASF आर्मर: इस किस्म का पौधा आधा सीधा एवं मजबूत होता है। इसकी पहली फल परिपक्वता 50-55 दिनों में हो जाती है। फल की सतह अर्द्ध झुर्रीदार होती है। ताज़े हरे फल की तुड़ाई 8-10 दिनों के अंतराल से होती रहती है। इस किस्म में तीखापन बहुत अधिक होता है। यह किस्म लाल सुर्ख करके बेची जाती है। यह किस्म लीफ कर्ल वायरस के लिए प्रति सहनशील होती है। 

दिव्या शक्ति ( शक्ति – 51): इस किस्म का पौधा मजबूत और अधिक शाखाओं वाला पौधा होता है।  इस किस्म की पहली फल परिपक्वता 42-50 दिनों में हो जाती है। फल का रंग गहरा हरा होता है वहीं फल की लम्बाई 6-8 सेंटीमीटर व मोटाई 0.7 – 0.8 सेंटीमीटर होती है। इस किस्म में तीखापन बहुत अधिक होता है। सूखने पर बाजार में इसकी कीमत अधिक मिलती हैं। यह किस्म लीफ कर्ल वायरस के लिए 100% प्रतिरोधी किस्म होती है। 

सानिया: इस किस्म का पौधा सीधा होता है एवं इस किस्म की पहली फल परिपक्वता 50-55 दिनों में हो जाती है। परिपक्व फल लाल एवं अपरिपक्व फल का रंग पीला हरा होता है। फल की लम्बाई 15-17 सेंटीमीटर मोटाई 0.3 MM  होती है। इस किस्म में तीखापन बहुत अधिक होता है। यह किस्म सुखाने के लिए उपयुक्त होती है।

सोनल: इस किस्म का पौधा सीधा होता है एवं इसकी पहली फल परिपक्वता 50-55 दिनों में हो जाती है। परिपक्व फल लाल एवं अपरिपक्व फल का रंग पीला हरा होता है। फल की लम्बाई 14.5-1.2 सेंटीमीटर एवं मोटाई 0.3 MM होती है। इस किस्म में तीखापन मध्यम होता है। यह किस्म सुखाने के लिए उपयुक्त होती है। यह लीफ कर्ल वायरस  के लिए प्रतिरोधी किस्म होती है। 

नुनहेम्स इन्दु 2070: इस किस्म का पौधा उत्कृष्ट माध्यमिक शाखाओं के साथ मज़बूत होता है। इसकी पहली फल परिपक्वता 50-55 दिनों में हो जाती है। फल का रंग चमकीला होता है वहीं फल की लम्बाई 8-10 सेंटीमीटर एवं मोटाई 0.8 – 1.0 सेंटीमीटर होती है। इस किस्म में तीखापन बहुत अधिक होता है और इसे सुखाकर बेचना उपयुक्त होता है।  

स्टार फील्ड 9211 एवं स्टार फील्ड  शार्क -1: इस किस्म की पहली फल परिपक्वता 60-65 दिनों में हो जाती है। फलों का रंग गहरा हरा, परिपक्व फलों का रंग गहरा लाल होता है। फल की लम्बाई 8-9 सेंटीमीटर होती है एवं फल की मोटाई 0.8 – 1.0 सेंटीमीटर होती है। इस किस्म में तीखापन बहुत अधिक होता है। इस किस्म का फल सुखाकर बेचने के लिए उपयुक्त होता है। कवक जनित रोगों के लिए यह प्रतिरोधी किस्म है। 

US एग्री 720: इस किस्म की पहली फल परिपक्वता 60-65 दिनों में हो जाती है। फलों का रंग गहरा हरा, परिपक्व फलों का रंग गहरा लाल होता है। फल की लम्बाई 18-20 सेंटीमीटर एवं मोटाई  1-2 सेंटीमीटर होती है। इस किस्म में तीखापन बहुत अधिक होता है साथ हीं वज़न भी बहुत अच्छा होता है।

कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए रोजाना पढ़ते रहें ग्रामोफ़ोन के लेख। आज की जानकारी पसंद आई हो तो शेयर करना ना भूलें।

Share

See all tips >>