जारी रहेगी एमएसपी पर गेहूँ की खरीद, सरकार ने आगे बढ़ाई अंतिम तारीख

इस साल गेहूँ का निर्यात बढ़ने से किसान भाईयों को बढ़िया मुनाफा प्राप्त हो रहा था। हालांकि देश में खाद्य सुरक्षा और बढ़ती महंगाई को देखते हुए गेहूं के निर्यात पर रोक लगा दी गई है। जिसके बाद किसानों को गेहूं के बढ़िया भाव मिलने की उम्मीद कम हो गई है।

किसानों को गेहूँ के अच्छे भाव मिल सके इसके लिए केंद्र सरकार ने जरूरी कदम उठाया है। केंद्र द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। इसके तहत देश के ज्यादातर राज्यों में गेहूं की खरीदारी को 31 मई 2022 तक जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मध्यप्रदेश में 15 जून 2022 और राजस्थान में 10 जून 2022 तक अंतिम तिथि तय की गई है।

यह निर्णय राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों के अनुरोध पर लिया गया है, ताकि किसान भाईयों को गेहूं को निर्यात किए बिना भी बढ़िया मुनाफा मिल सके। बता दें कि इस साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2015 रूपए निर्धारित किया गया है। बहरहाल एमएसपी पर गेहूं की खरीद तिथि बढ़ाए जाने से किसानों को लाभ होने की उम्मीद है। 

स्रोत: किसान समाधान

ग्रामीण क्षेत्र व कृषि सम्बंधित महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए रोजाना पढ़ते रहें ग्रामोफ़ोन के लेख। आज की जानकारी पसंद आई हो तो लाइक और शेयर करना ना भूलें।

Share